Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले में अलग-अलग तीन स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। गिरधारीनगर में एक घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई, वहीं अरसनारा गांव की फैक्ट्री की एक यूनिट आग की चपेट में आ गई। तीसरी घटना वायसेप ब्रिज की है, जहां ओला स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तीनों घटनाओं की सूचना मिलने पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
पहली घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के गिरधारीनगर की है। यहां एक घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। फायरमैन ने घर के अंदर जाकर सिलेंडर में लगी आग बुझाई और उसे ब्लास्ट होने से बचा लिया। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर रखा गया और आसपास के इलाके को भी सुरक्षित किया गया।
दूसरी घटना अरसनारा गांव स्थित एक फैक्ट्री की है। यहां फैक्ट्री की एक यूनिट में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैक्ट्री के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।
तीसरी घटना वायसेप ब्रिज पर हुई, जहां ओला स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई। तीनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

