Chhattisgarh News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की लगातार हो रही कार्रवाई को लेकर भी बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल से दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। ACB और EOW द्वारा अलग-अलग मामलों में की जा रही कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
रिश्वत लेते GST असिस्टेंट कमिश्नर हुई थीं गिरफ्तार
बता दें कि हाल ही में कोरबा में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को गिरफ्तार किया था। उन पर कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के बाद ACB की टीम ने 21 नवंबर को उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त की ओर से निलंबन का आदेश भी जारी किया गया।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर क्या बोले मुख्यमंत्री?
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं। पंच से लेकर हर स्तर के चुनाव का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि हर चुनाव लोकतंत्र की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।
50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर PM मोदी का जताया आभार
देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं। पहले ये लोग अति गरीब की श्रेणी में आते थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया।
हाथियों के आतंक पर बोले- सरकार और वन विभाग सजग
प्रदेश में हाथियों की मौजूदगी और उनके कारण होने वाली घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समस्या जरूर है, लेकिन सरकार और वन विभाग पूरी तरह सजग हैं। लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। इसके साथ ही मोबाइल फोन पर भी हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे से संबंधित सूचनाएं भेजी जा रही हैं, ताकि लोग सतर्क रहें और किसी अनहोनी से बच सकें।
भिलाई, चरोदा और रिसाली में विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री साय ने भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इन तीनों निगम क्षेत्रों में पिछले दिनों पूरे हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, स्वीकृत नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल होंगे।

