Chhattisgarh Latest News: रायपुर। पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय पैर में चोट लगने के कारण अस्वस्थ हैं। उनके बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं उन्हें हेलीकॉप्टर से अपने साथ रायपुर लेकर पहुंचे। यहां उन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है और उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय से मिलने उनके घर पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को काफी परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें रायपुर आना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उनके उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
वहीं, धान खरीदी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 360 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में अब कुल 3100 धान खरीदी केंद्र संचालित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

