CG News: मुख्यमंत्री साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, जशपुर में कार्तिक मास के भजन-कीर्तन में हुए शामिल

CG News: मुख्यमंत्री साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, जशपुर में कार्तिक मास के भजन-कीर्तन में हुए शामिल

Chhattisgarh News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

24 नवंबर को होगा महीनेभर चलने वाले आयोजन का समापन

ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा ले रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं। महीनेभर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।

परोपकार और सेवा में ही मानव जीवन की सार्थकता

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।

उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सेवा, सद्भाव, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देती हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत बनाते हैं। आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ नई पीढ़ी का अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहना भी जरूरी है।

कर्मा, दमकच और झूमर जैसी लोक विधाएं हमारी धरोहर

मुख्यमंत्री ने कार्तिक मास में लगातार भजन-कीर्तन करने वाली सभी 62 मंडलियों के अध्यक्षों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनमें पूर्वजों का ज्ञान, जीवन दर्शन और सामाजिक एकता की भावना समाहित है। इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि

मुख्यमंत्री साय ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने जिले में ही आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए महान संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु महाराज ने अपना जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को सदाचार, अनुशासन और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। उन्होंने लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय की स्थापना और समाज की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मोदी की गारंटी के तहत योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार आवास भी प्राप्त हुए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना भी पुनः शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

मुख्यमंत्री ने सुशासन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र और थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं को लेकर नागरिक 24 घंटे और सातों दिन हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से लोगों को आर्थिक लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।


Related Articles