CG News: ओबीसी समाज की जनगणना में अलग पहचान की मांग तेज, 28 नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे छत्तीसगढ़ के सामाजिक संगठन

CG News: ओबीसी समाज की जनगणना में अलग पहचान की मांग तेज, 28 नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे छत्तीसगढ़ के सामाजिक संगठन

Chhattisgarh News: रायपुर। जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक कॉलम, कोड नंबर और ड्रॉप डाउन मेनू की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रविवार को राजधानी रायपुर के फूल चौक में अखिल भारतीय जातिगत जनगणना समन्वय समिति की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी 28 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले महा आंदोलन को सफल बनाने और छत्तीसगढ़ से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और ओबीसी समाज के लोग बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। वक्ताओं ने कहा कि जातिगत जनगणना में ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या दर्ज करने के लिए जनगणना प्रपत्र में अलग कॉलम और कोड की व्यवस्था होना जरूरी है।

ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सामने लाने पर जोर

वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सामने आने से ही सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उसकी स्थिति, भागीदारी एवं प्रतिनिधित्व का उचित आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने जातिगत जनगणना को समाज के अधिकार, सम्मान, स्वाभिमान और न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए ओबीसी के लिए अलग पहचान एवं गणना की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने कहा कि 28 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाला महा आंदोलन किसी एक संगठन या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण ओबीसी समाज के अधिकारों और संवैधानिक हिस्सेदारी से जुड़ा मुद्दा है। सभी संगठनों ने एकजुट होकर दिल्ली पहुंचने और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रदेशभर के ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों ने की शिरकत

बैठक में प्रमुख रूप से ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू, पुष्पराज, राम सिंह, ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लास फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव आर.पी. साहू, रामलाल गुप्ता, ओबीसी महासभा रायपुर संभाग अध्यक्ष हेमंत साहू, अखिल भारतीय तेली महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष गौतम दास साहू, पंडित घनश्याम प्रसाद साहू, महेश गौरव, ओबीसी संगम के विष्णु दत्त बघेल, श्याम कौशिक, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष खिलेश्वरी साहू, डिगेश्वरी जी, छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा समाज के प्रतिनिधि, अखिल भारतीय तेली महासभा छत्तीसगढ़ की महिला प्रदेश अध्यक्ष क्रांतिकारी पार्वती साहू, विद्या जी, भानु प्रियंका साहू, ओबीसी महासभा कार्यकारिणी सदस्य लता सोनी, बेमेतरा जिला उपाध्यक्ष शांति साहू और प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती सोनकर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर दिल्ली में होने वाले महा आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी संगठनों और उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार जताया गया। अखिल भारतीय तेली महासभा छत्तीसगढ़ की महिला प्रदेश अध्यक्ष क्रांतिकारी पार्वती साहू ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया।


Related Articles