Mahasamund News: महासमुंद में अवैध धान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, राइस मिल से 4412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त

Mahasamund News: महासमुंद में अवैध धान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, राइस मिल से 4412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त

Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच और निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 19 और 20 नवंबर को कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान और चावल जब्त किया गया।

19 नवंबर को महासमुंद तहसील के ग्राम सरेकेल में कृषक भूषण साहू के पास से 103 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई। सरायपाली तहसील के ग्राम मलदामाल में वासुदेव भोई के गोदाम से लगभग 550 कट्टा रबी फसल का धान जब्त कर थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया गया। वहीं पिथौरा तहसील के ग्राम भुरकोनी स्थित कामेश्वरी ट्रेडर्स से 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

राइस मिल से 4,412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त

20 नवंबर को कोमाखान स्थित मेसर्स गुरुदेव इंडस्ट्रीज राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान कमी पाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। जांच के दौरान मिल से 4,412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त किया गया।

बसना और कोमाखान में भी मिली अनियमितता

इसी दिन बसना तहसील के ग्राम जलकोट में बसंत प्रधान के पास से 51 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई। वहीं कोमाखान तहसील के ग्राम बोड़रीदादर निवासी सरोज चंद्राकर के गोदाम से 200 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रशासन सख्त

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसानों के हितों की रक्षा और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहा है।


Related Articles