Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले की डौरा तहसील में राजस्व रिकॉर्ड में नाम सुधार के लिए किसान से कथित तौर पर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। भैरोपुर निवासी किसान रामभरोश का आरोप है कि उसने नाम सुधार कराने के लिए तहसील में पदस्थ एक बाबू को 12 हजार रुपये दिए थे, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी उसका काम नहीं हुआ। किसान का कहना है कि अब दोबारा पैसों की मांग की जा रही है। परेशान होकर उसने कलेक्टर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, किसान रामभरोश के राजस्व रिकॉर्ड में उसका नाम रामभरोश के स्थान पर राम रतन दर्ज है। इस गलती को सुधरवाने के लिए वह पिछले तीन साल से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। किसान का आरोप है कि आवेदन के समय उसने संबंधित बाबू को 12 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद नाम में सुधार नहीं किया गया।
किसान के मुताबिक, इसी महीने वह तीन बार पेशी पर जा चुका है। हर बार उसे नई तारीख दे दी जाती है। आरोप है कि पिछली पेशी के दौरान बाबू ने काम कराने के एवज में फिर से पैसे मांगे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसान दोबारा पैसे नहीं जुटा सका, जिसके बाद अगली पेशी की तारीख 27 नवंबर तय कर दी गई।
राजस्व रिकॉर्ड में नाम की गलती के कारण किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा वह शासन की अन्य आर्थिक योजनाओं के लाभ से भी वंचित है। किसान ने कलेक्टर से मामले की जांच कराने, कथित वसूली पर रोक लगाने और जल्द नाम सुधारकर योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
इस मामले में बलरामपुर एसडीएम विवेक चंद्रा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी तरह की गलती या अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

