Sarangarh-Bilaigarh Latest News: महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक मुक्त, 9 बच्चों समेत सभी की सुरक्षित घर वापसी

Sarangarh-Bilaigarh Latest News: महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक मुक्त, 9 बच्चों समेत सभी की सुरक्षित घर वापसी

Chhattisgarh Sarangarh-Bilaigarh News: सारंगढ़-बिलाईगढ़। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुक्त करा लिया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और नौ बच्चे शामिल हैं। सभी श्रमिक 20 नवंबर को सकुशल अपने गांव लौट आए। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के तीन और सक्ती जिले के दो लोग शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रमिकों को बेहतर रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन और आवास का भरोसा देकर महाराष्ट्र ले जाया गया था। लेकिन सोलापुर पहुंचने के बाद उनसे सुबह से रात नौ बजे तक गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग का काम कराया जा रहा था। आरोप है कि उन्हें वादे के मुताबिक मजदूरी नहीं दी जा रही थी। बीमार होने के बावजूद जबरन काम कराने, मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई थीं।

यह मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर से सामने आया था। एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर परिवार सहित 16 लोगों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और श्रम, राजस्व तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की।

संयुक्त टीम महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंची और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कुल 40 श्रमिकों को मुक्त कराया। इसके बाद सभी को सुरक्षित उनके गांव पहुंचाया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले ठेकेदार, मजदूरी, कार्यस्थल और रहने की व्यवस्था से जुड़ी पूरी जानकारी की जांच जरूर करें।


Related Articles