Bastar Latest News: बस्तर में वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी तेज, जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो

Bastar Latest News: बस्तर में वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी तेज, जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो

Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। संभाग में रेल कनेक्टिविटी को आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे ने कवायद तेज कर दी है। आने वाले समय में बस्तर को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। इसके लिए जगदलपुर में कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने जगदलपुर दौरे के दौरान इसकी जानकारी दी। हालांकि, वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर अभी अंतिम मंजूरी और आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

रेलवे की योजना के तहत जगदलपुर में कोचिंग डिपो स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे जल्द ही रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। डिपो बनने से भविष्य में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन और रखरखाव की संभावनाएं मजबूत होंगी। इससे बस्तर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिल सकती है।

इसके साथ ही बस्तर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर दिया जा रहा है। बड़े आरापुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण जल्द पूरा करने की तैयारी है। वहीं, जगदलपुर स्टेशन में स्थापित लिफ्ट को भी जल्द यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार नए स्टेशन भवन के लोकार्पण की तैयारियां भी चल रही हैं।

विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने डीआरएम अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी। अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए।


Related Articles