Chhattisgarh Latest News: बिरसा मुंडा के नाम पर भूपेश बघेल और OP चौधरी में जुबानी जंग, बोले- ‘आपकी आत्मा अडानी के पास गिरवी है’

Chhattisgarh Latest News: बिरसा मुंडा के नाम पर भूपेश बघेल और OP चौधरी में जुबानी जंग, बोले- ‘आपकी आत्मा अडानी के पास गिरवी है’

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं। विवाद की शुरुआत ओपी चौधरी के एक भाषण की वीडियो क्लिप से हुई, जिसमें उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा का नाम लेते समय गलती से ‘बिरसा मुंडी’ कह दिया था। भूपेश बघेल ने इस क्लिप को साझा कर निशाना साधा, जिसके बाद ओपी चौधरी ने लंबी पोस्ट लिखकर पलटवार किया। जवाब में बघेल ने भी उद्योगपति अडानी का जिक्र करते हुए सरकार पर हमला बोला।

दरअसल, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय सम्मेलन में भाषण देते समय वित्त मंत्री ओपी चौधरी की जुबान फिसल गई थी। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जगह ‘बिरसा मुंडी’ कह दिया था। इस वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भूपेश बघेल ने लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा का नाम तक ठीक से नहीं लिया जा रहा है और जनजातीय गौरव दिवस मनाने की बात की जा रही है। उन्होंने इसे मन में पाप होने से जुड़ी टिप्पणी करते हुए सरकार पर तंज कसा।

भूपेश बघेल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने इसे घटिया राजनीति बताते हुए बघेल पर टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग और राजनीति का स्तर गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री से उनके खिलाफ चल रहे सीबीआई मामले का जिक्र करने की चुनौती भी दी। ओपी चौधरी ने कहा कि उनके भाषण में मुख्य रूप से इस बात का उल्लेख था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज से देश को पहला राष्ट्रपति दिया। उन्होंने सवाल किया कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आदिवासी समाज से राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया।

वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और अब यह पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि पहले की सरकारों ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की पहल क्यों नहीं की। ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल से यह भी पूछा कि उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनता के बीच कौन से कार्यक्रम किए और यदि कोई कार्यक्रम आयोजित किया है तो उसका विवरण साझा करें।

इसके बाद भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का नाम गलत लेकर अपमान ओपी चौधरी ने किया और बुरा भी वही मान रहे हैं। बघेल ने बस्तर के चारामा में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की तस्वीर साझा करते हुए बताया कि इसका अनावरण 13 अगस्त 2022 को हुआ था। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर के विधायक स्वर्गीय मनोज मंडावी की पहल पर स्थापित की गई थी। बघेल ने इसे आदिवासी समाज के सम्मान के लिए उनकी सरकार के समय किए गए कार्यों का उदाहरण बताया।

अपनी पोस्ट में भूपेश बघेल ने ओपी चौधरी और भाजपा पर आदिवासी हितों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओपी चौधरी की आत्मा उद्योगपति अडानी के पास गिरवी है और सरकार छत्तीसगढ़ के जंगलों को अडानी के नाम करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि असल मुद्दा आदिवासी समाज का सम्मान और उनके अधिकार हैं।

फिलहाल, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर शुरू हुआ यह विवाद सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी के बाद प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


Related Articles