Durg Latest News: जामुल नगर पालिका में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, CMO ने कही ये बात

Durg Latest News: जामुल नगर पालिका में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, CMO ने कही ये बात

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले की जामुल नगर पालिका परिषद में आचार संहिता लागू होने से पहले जारी किए गए करीब 1.59 करोड़ रुपये के दो टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर और पीआईसी सदस्यों द्वारा पारित प्रस्ताव के आधार पर एसीसी-अडानी सीमेंट प्लांट की टाउनशिप की दीवारों के सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि इन प्रस्तावों का विरोध सत्ताधारी दल से जुड़े भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष यशवंत राजपूत ने किया है। उन्होंने नगर पालिका में जनता के पैसों के दुरुपयोग और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं।

दरअसल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव 22 नवंबर को जामुल पहुंचकर करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने वाले हैं। इससे पहले नगर पालिका क्षेत्र में टेंडर जारी किए जाने को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। विवाद एसीसी-अडानी सीमेंट प्लांट की टाउनशिप की दीवारों के रंग-रोगन, सीमेंट आर्ट, बैकलेन पेंटिंग और ड्रेन कवर से जुड़े कार्यों को लेकर है।

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर और पीआईसी सदस्यों के प्रस्ताव पारित होने के बाद सीएमओ रमाकांत साहू ने इन कार्यों के लिए 67 लाख और 92 लाख रुपये के दो टेंडर जारी किए हैं। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष यशवंत राजपूत ने इन प्रस्तावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर पालिका के पैसों का इस्तेमाल गैरजरूरी कार्यों में किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह के प्रस्तावों को प्राथमिकता नहीं दी जानी चाहिए।

यशवंत राजपूत ने आरोप लगाया कि एसीसी सीमेंट फैक्ट्री की टाउनशिप की दीवारों का रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कंपनी प्रबंधन को अपने सीएसआर फंड से कराना चाहिए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में कमीशनखोरी की आशंका जताते हुए इसकी जरूरत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष इन कार्यों का भूमिपूजन उपमुख्यमंत्री अरुण साव से कराना चाहते हैं।

वहीं, नगर पालिका के सीएमओ रमाकांत साहू ने बताया कि इस संबंध में नगरीय निकाय विभाग को सूचना दे दी गई है। उच्च अधिकारियों के निर्णय के बाद ही टेंडर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इन टेंडरों को लेकर जामुल नगर पालिका में विवाद जारी है।


Related Articles