Chhattisgarh Bastar News: जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर की तस्वीर अब धीरे-धीरे बदल रही है। कभी माओवादी हिंसा और दहशत के कारण पर्यटकों से दूर रहे प्राकृतिक पर्यटन स्थल अब फिर से गुलजार होने लगे हैं। इसकी बड़ी मिसाल कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की कैलाश गुफा है, जिसे करीब 8 साल बाद दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। गुफा के फिर से खुलने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, कैलाश गुफा की खोज वर्ष 1993 में हुई थी। अपनी अद्भुत चूना पत्थर की संरचनाओं और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध यह गुफा बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रही है। हालांकि, माओवादी प्रभाव और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के कारण लंबे समय तक यहां पर्यटकों की आवाजाही बंद रही। अब बदले हालात के बीच गुफा में पर्यटन गतिविधियां फिर से शुरू की जा रही हैं।
कैलाश गुफा में पर्यटन की वापसी स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर लेकर आई है। यहां स्थानीय युवक गाइड के रूप में पर्यटकों को गुफा की विशेषताओं और प्राकृतिक संरचनाओं की जानकारी दे रहे हैं। वहीं, युवतियां गार्ड के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल रहा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से आने वाले समय में स्थानीय कारोबार, आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कभी माओवादी हिंसा के कारण चर्चा में रहने वाला बस्तर अब अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं के जरिए नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कैलाश गुफा का करीब 8 साल बाद दोबारा खुलना इसी बदलाव का संकेत है। ‘आमचो बस्तर’ के पर्यटन को नई उड़ान मिलने से क्षेत्र में विकास और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

