Bilaspur Latest News: पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, साले ने जीजा पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

Bilaspur Latest News: पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, साले ने जीजा पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते चाकूबाजी की घटना सामने आई है। मंगला क्षेत्र के धूरीपारा में समीर खान पर उसकी पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहीं, आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवाद की स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले वह मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को अपने साथ ले गया था और दोनों ने शादी कर ली थी। उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते समीर को जेल जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गई। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि इसी दौरान ओमप्रकाश ने समीर पर चाकू से कई वार कर दिए। अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

वहीं, आरोपी के परिजनों का आरोप है कि चाकू से हमला करने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद ओमप्रकाश ने उस पर चाकू से वार किया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल समीर को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों के बीच तनाव की आशंका को देखते हुए धूरीपारा में पुलिस बल तैनात किया गया है।


Related Articles