Chhattisgarh Latest News: मौसम खराब होने से नहीं आ सके नितिन नबीन, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आरोपों पर कसा तंज

Chhattisgarh Latest News: मौसम खराब होने से नहीं आ सके नितिन नबीन, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आरोपों पर कसा तंज

Chhattisgarh News: रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि इसे ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान कर देना चाहिए। चंद्राकर के मुताबिक, ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने जैसा है।

अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के पास अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के अलावा कोई जनहित का मुद्दा नहीं है। उन्होंने सुखदेव भगत की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि झारखंड में कांग्रेस कितने समय से सत्ता से बाहर है।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ नहीं पहुंचने को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर जनता से डरने का आरोप लगाए जाने पर भी चंद्राकर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस का कार्यालय मौसम विभाग है? कांग्रेस नेताओं को मौसम विभाग में संविदा पर रख लेना चाहिए, क्योंकि उन्हें मौसम की जानकारी अच्छी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब मौसम के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

वहीं, छत्तीसगढ़ से CRPF की नक्सल विरोधी बटालियन हटाए जाने के सवाल पर चंद्राकर ने कहा कि बस्तर में अब डीमाइनिंग का काम बाकी है। उनके अनुसार, क्षेत्र में शांति बहाल होने के बाद बटालियन को वापस भेजा जा रहा है और नेताओं की सुरक्षा भी कम की गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार के साथ यह प्रक्रिया क्रमशः आगे बढ़ रही है और अब बस्तर में विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।


Related Articles