Chhattisgarh Latest News: पूर्व CM भूपेश बघेल की मौजूदगी में नरहरपुर में बड़ा सियासी घटनाक्रम, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष समेत कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ

Chhattisgarh Latest News: पूर्व CM भूपेश बघेल की मौजूदगी में नरहरपुर में बड़ा सियासी घटनाक्रम, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष समेत कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांकेर जिले के नरहरपुर में सियासी हलचल तेज हो गई है। यहां कांग्रेस के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेश नेताम ने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। करीब 20 दिन पहले उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दिया था। दिसंबर में प्रस्तावित नगर पंचायत चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को नरहरपुर की राजनीति में अहम माना जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने धान खरीदी, कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से युवाओं के नाम काटे जाने और महंगाई जैसे मुद्दे उठाए। बघेल ने आरोप लगाया कि महंगाई बढ़ रही है और दिवाली पर लोगों को चना व शक्कर तक नहीं मिली। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जेबकतरी की घटना भी सामने आई। कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से कथित तौर पर 30 हजार रुपये चोरी हो गए। बताया गया कि नरहरपुर के सुरही क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के कार्यक्रम में भी कई लोगों की जेब कटने की शिकायत सामने आई थी।

नगर पंचायत चुनाव से पहले भाजपा के पूर्व अध्यक्ष समेत 100 से अधिक लोगों का कांग्रेस में शामिल होना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। इसका चुनावी असर आने वाले समय में साफ हो सकता है।


Related Articles