Chhattisgarh News: रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने उनके दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि नितिन नवीन जनजातीय गौरव दिवस नहीं, बल्कि विनाश दिवस मनाने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार आदिवासी हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सरगुजा में कोल खदानों को लेकर फैसले लिए जा रहे हैं और विरोध करने वाले आदिवासियों को जेल भेजा जा रहा है।
बैज ने दावा किया कि अकेले रायगढ़ जिले में 89 कोल फील्ड स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धरमजयगढ़ दौरे के दौरान आंदोलन कर रहे आदिवासियों से मुलाकात करेंगे।
धान खरीदी को लेकर भी बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने नहीं पहुंचे हैं और टोकन व्यवस्था में किसानों को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि टोकन एप 15 जनवरी तक फुल दिखा रहा है, जबकि धान उठाव में देरी से भी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
किसानों को मिलने वाली अंतर की राशि पर सवाल उठाते हुए बैज ने कहा कि सरकार 13,839 रुपये प्रति एकड़ देने की बात कर रही है, जबकि उनके मुताबिक किसानों को 19,297 रुपये मिलने चाहिए। उन्होंने छोटी समितियों में 500 क्विंटल की सीमा तय किए जाने पर भी सवाल उठाए।
बैज ने बताया कि 16 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इसके बाद 16 से 25 नवंबर तक सभी बूथों पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत अब तक प्रदेश के 1,500 में से 1,124 मंडलों में जन चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं।

