Karma Mahotsav 2026: जनजातीय गौरव सप्ताह में सजा लोक संस्कृति का मंच, अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे विजेता दल

Karma Mahotsav 2026: जनजातीय गौरव सप्ताह में सजा लोक संस्कृति का मंच, अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे विजेता दल

Karma Mahotsav 2026: सरगुजा। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत लखनपुर के साक्षरता मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय Karma Mahotsav 2026 का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित इस महोत्सव में मांदर की थाप और पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर जनजातीय लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने कलाकारों के साथ मांदर की थाप पर कदम मिलाकर पारंपरिक करमा नृत्य भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और समृद्ध परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर और वास्तविक पहचान हैं। इन परंपराओं का संरक्षण करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। ऐसे मंचों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। मंत्री ने प्रतिभागी दलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विजेताओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टर से आए कुल 12 नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला ने प्रथम और आदिवासी करमा दल, पीपरखार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला प्रतियोगिता में शैला पार्टी, तराजू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में विजेता रहे दल आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन में जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, SDM रामराज सिंह, जनपद पंचायत CEO खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


Related Articles