Kawardha Accident News: कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रणवीरपुर चौकी क्षेत्र के बनियाश गांव के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में एक पिता और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों भाई दूज पर अपनी बहन के घर ग्राम डोंगरिया गए थे। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो बाइकों की टक्कर में चार लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, एक बाइक (एसपी साइन) क्रमांक CG25S1075 पर बेमेतरा जिले के बनराका गांव निवासी भूपेंद्र कश्यप (40), उनकी बेटी ऋतु कश्यप (15) और बेटा पंकज कश्यप (12) सवार थे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दूसरी बाइक (पल्सर) क्रमांक CG9JG2750 पर सवार नवघटा निवासी भावेश सिन्हा (20), थाना लोहारा, जिला कबीरधाम की भी दुर्घटना में जान चली गई।
पल्सर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में पल्सर बाइक पर सवार तोमन मरावी (18) और भानुप्रताप सिंह (17), दोनों निवासी नवघटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
थान खम्हरिया अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
घायलों को उपचार के लिए बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शव अस्पताल की मर्च्युरी में भेजे जा रहे हैं।
भाई दूज मनाकर लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि भूपेंद्र कश्यप अपने दोनों बच्चों के साथ भाई दूज के अवसर पर बहन के घर ग्राम डोंगरिया गए थे। वहां से वापस लौटते समय बनियाश गांव के पास उनकी बाइक दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे में पिता और दोनों बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

