Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और नक्सलवाद की समाप्ति के दावों को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निशाना साधा है। उन्होंने नक्सलवाद पूरी तरह खत्म होने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि नक्सली गतिविधियां जरूर थमी हैं, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त नहीं माना जा सकता। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे पर तंज कसते हुए उन्होंने उन्हें ‘इवेंट मास्टर’ बताया।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि नक्सलवाद की गतिविधियां थमी हैं। सरकार यदि इसकी घोषणा करती है, तो वे इसे गंभीरता से लेते हैं, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए अपने साथियों से भी जानकारी लेते हैं। ऐसा नहीं है कि सरकार ने कोई बात कह दी और उन्होंने आंख बंद करके उसे स्वीकार कर लिया।
उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने खुद नक्सली विचारधारा से जुड़े रहकर काम करने की बात कही थी। भले ही उन्होंने हथियार छोड़ दिए हों, लेकिन विचारधारा के आधार पर काम जारी रखने की बात कही थी। ऐसे में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कहना उचित नहीं है। फिलहाल हिंसा थमी है और इसे आगे भी थमे रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर सिंहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इवेंट मास्टर हैं। उन्होंने एक और इवेंट आयोजित कराया और फोटो खिंचाई। सिंहदेव ने प्रधानमंत्री की वेशभूषा पर भी टिप्पणी की और उनके भाषण में कही गई कुछ बातों को आपत्तिजनक बताया।
उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री भूल जाते हैं कि वे केवल नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। उनकी बातों को एक व्यक्ति के तौर पर नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए सुना जाता है। इसलिए उनके बयानों में पद की गरिमा दिखाई देनी चाहिए।

