Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली, डीजल और पेट्रोल पर निर्भरता से राहत देने की दिशा में जशपुर जिले के ग्राम पोंगरो में एक नवाचारी परियोजना शुरू की गई है। कांसाबेल विकासखंड में घुघरी नदी पर बनी एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना के जरिए नदी के बहाव से ही खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से 135 किसान परिवारों को लाभ मिलने और लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली परियोजना बताई जा रही इस योजना की खासियत यह है कि इसमें पंप चलाने के लिए बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ती। नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पंप संचालित होता है और उसी के जरिए सिंचाई के लिए पानी वितरण टंकी तक पहुंचाया जाता है।
परियोजना के तहत पहले से निर्मित एनीकट से करीब 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म बनाकर टरबाइन पंप स्थापित किया गया है। यह पंप नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अनुकूल यह मॉडल प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
योजना से करीब 135 कृषक परिवारों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है। लगभग 80 एकड़ कृषि क्षेत्र में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम करने, अतिरिक्त फसल लेने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। पोंगरो की यह पहल गांवों और खेतों तक तकनीकी नवाचार पहुंचाने का उदाहरण है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

