Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-63 पर सर्राफा कारोबारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पांडे मुर्गा गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तूफान वाहन को रोककर चाकू की नोक पर कारोबारी से जेवरों से भरा बैग लूट लिया और जंगल की ओर फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, भैरमगढ़ में ज्वेलरी की दुकान संचालित करने वाले कारोबारी स्वरूप सोनी रोज की तरह अपने आभूषण लेकर गीदम जा रहे थे। सोमवार शाम करीब 6:15 बजे उनका तूफान वाहन पांडे मुर्गा गांव के पास पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर कारोबारी को डराया और उनके पास मौजूद जेवरों का बैग छीनकर जंगल की ओर भाग निकले।
घटना के बाद कारोबारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल ने वारदात की पुष्टि की है। उनके अनुसार, कारोबारी ने घटना की जानकारी दी है और फिलहाल लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस रात से ही अज्ञात आरोपियों की तलाश और उनके संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है। थाना प्रभारी ने बताया कि विस्तृत जानकारी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दी जाएगी।
नेशनल हाईवे-63 पर नेलसनार और भैरमगढ़ के बीच हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। चौबीसों घंटे आवाजाही वाले मार्ग पर चाकू की नोक पर हुई लूट ने यात्रियों और कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

