Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ही रात में हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हाथी के हमले में मौत की पहली घटना प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर में सामने आई, जहां कबरा कान वाला हाथी एक व्यक्ति के लिए काल बन गया। वहीं, दूसरी घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट अंतर्गत सोनपुर की है। यहां भी एक हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसकी जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सोनपुर के पण्डोपारा निवासी 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय घर के पास अपने धान के खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथी वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में मट्टूलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक ही रात में दो ग्रामीणों की मौत से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग खेतों में जाने तथा रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

