Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। डोंगरगढ़ में दो अनजान व्यक्तियों को लिफ्ट देना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने रास्ते में लिफ्ट मांग रहे दो लोगों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया, लेकिन प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे चक्कर आने लगा। वह सड़क किनारे लेट गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो दोनों व्यक्ति और उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थे।
जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की है। डोंगरगढ़ के बधियाटोला वार्ड क्रमांक 7 निवासी 25 वर्षीय विशाल टेम्भुरकर अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AF 7262 से प्रज्ञागिरि जा रहा था। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे लिफ्ट मांगी। विशाल ने दोनों को अपनी बाइक पर बैठा लिया। प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद अचानक उसे चक्कर आने लगा और वह सड़क किनारे लेट गया। कुछ देर बाद होश आने पर उसने देखा कि दोनों व्यक्ति और उसकी मोटरसाइकिल गायब हैं।
दो दिन बाद पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
विशाल ने आसपास दोनों व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 2 नवंबर को उसने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि चोरी हुई मोटरसाइकिल उसके भाई पवन टेम्भुरकर के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने में जुटी है।
युवक को चक्कर कैसे आया और इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

