Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आयोजित बैठकों में संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रत्येक बूथ तक अपनी पहुंच मजबूत करनी होगी। स्मृति ईरानी ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से छत्तीसगढ़ में फिर से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी।
स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है, जो पार्टी के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। इस विश्वास को बनाए रखने के साथ संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्र प्रथम की भावना, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ समर्पण से मजबूत हुआ है। उन्होंने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की जरूरत बताई।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया के माध्यम से संवाद जरूरी है, लेकिन यह जनता से सीधे संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और पारा-टोला तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में शामिल होना चाहिए। बस्तर से सरगुजा तक आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सादगी और जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति से ही कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच मजबूत संबंध बनते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। विभिन्न सत्रों में लगभग 12 श्रेणियों की बैठकों के जरिए पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उन्होंने बैठकों को संगठन की मजबूती के लिहाज से अहम बताया।
किरण देव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भाजपा की बैठकों को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संदर्भ में दिए गए बयान की आलोचना की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करना है। बैठकों में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।

