GPM Latest News: हाथियों को करीब से देखने की कोशिश पड़ी भारी, रूमगा-मटियाढांड के जंगल में दर्दनाक हादसा

GPM Latest News: हाथियों को करीब से देखने की कोशिश पड़ी भारी, रूमगा-मटियाढांड के जंगल में दर्दनाक हादसा

Chhattisgarh GPM News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में हाथियों के दल को देखने जंगल पहुंचे एक ग्रामीण की हाथी के हमले में मौत हो गई। ग्राम रूमगा निवासी 36 वर्षीय केमला प्रसाद हाथियों के करीब पहुंच गए थे, तभी एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पैरों तले कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर बाद रूमगा-मटियाढांड के जंगल में हुआ। इन दिनों मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 53 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर आसपास के कुछ ग्रामीण उन्हें देखने जंगल की ओर पहुंच रहे थे। इसी दौरान केमला प्रसाद हाथियों के काफी नजदीक चले गए। तभी दल में शामिल एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल ग्रामीण को तत्काल मरवाही के उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मरवाही वनमंडल में 53 हाथियों के दल की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, हाथियों को देखने के लिए उनके करीब जाना या फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों के विचरण वाले जंगलों में जाने से बचने, वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। जंगली हाथियों का व्यवहार अप्रत्याशित हो सकता है, इसलिए उनकी मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।


Related Articles