Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। शहर के प्रयास पब्लिक स्कूल के संचालक का मोबाइल कोलकाता में गुम होने के बाद उनके बैंक खाते का साइबर ठगी के लिए दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने स्कूल के आईसीआईसीआई बैंक खाते का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में करते हुए 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन किया और रकम 100 से अधिक बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। मामले की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच डायरी कोलकाता भेज दी है।
राजकिशोर नगर निवासी डॉ. सचिन यादव प्रयास पब्लिक स्कूल के संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त को कोलकाता के न्यू मार्केट थाना क्षेत्र में धरमतला के पास उनका जियो सिम लगा मोबाइल गुम हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद वे सिम बंद कराने के लिए सेवा केंद्र पहुंचे, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण सिम तत्काल बंद नहीं हो सका।
डॉ. यादव के अनुसार, स्कूल का बैंक खाता उनके इसी मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ था। 16 अगस्त को उन्होंने पुराना मोबाइल नंबर दोबारा जारी कराया। इसके अगले दिन ई-मेल चेक करने पर बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि जालसाजों ने 14 अगस्त को पहले 800 रुपये का ट्रायल ट्रांजेक्शन किया और इसके बाद करीब 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन कर रकम 100 से अधिक बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।
स्कूल संचालक ने बताया कि घटना से पहले खाते में केवल 181 रुपये थे। साइबर ठगों ने खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया और आखिर में खाते में सिर्फ 29 रुपये बचे। मामले को लेकर एएसपी सिटी पंकज पटेल ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल सिम ब्लॉक कराएं और संबंधित बैंक के साथ पुलिस को भी सूचना दें।

