Durg News: जेडी स्टील प्लांट में भीषण हादसा, 1600 डिग्री के पिघले लोहे से झुलसे ठेकेदार की मौत; वायरल वीडियो से उठे सुरक्षा पर सवाल

Durg News: जेडी स्टील प्लांट में भीषण हादसा, 1600 डिग्री के पिघले लोहे से झुलसे ठेकेदार की मौत; वायरल वीडियो से उठे सुरक्षा पर सवाल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा 17 अक्टूबर को हुआ था। संतोष कुमार श्रीवास्तव प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। देर रात टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया, जिससे पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। घटना में गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।

बताया गया है कि चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 18 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार लेकर गए।

इस हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा दिखाई देता है और सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता नजर आता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

घटना के बाद प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया कि इसी कंपनी के दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक श्रमिक की झुलसने से मौत हुई थी। उनके अनुसार, उस मामले में विरोध के बाद पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जलने से घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों तथा प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।


Related Articles