ग्वालियर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं को रौंदते हुए पलटा धान से भरा ट्रक, 14 की मौत, 29 घायल

ग्वालियर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं को रौंदते हुए पलटा धान से भरा ट्रक, 14 की मौत, 29 घायल

Gwalior Accident News: ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चीनोर की तरफ से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू होकर श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गया। हादसे में अब तक 14 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। इनमें 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ढलान से बेकाबू होकर श्रद्धालुओं पर पलटा ट्रक

एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे धान से भरा ट्रक ढलान वाले रास्ते पर पहुंचा। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद ट्रक ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिया और अचानक बेकाबू होकर नीचे की ओर लुढ़क गया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकराया और सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।

14 श्रद्धालुओं की मौत, 5 की हालत गंभीर

हादसे के बाद घायलों को ज्यारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कुल 39 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 14 की मौत हो चुकी है। 5 घायल गंभीर हैं और उन्हें फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी हादसे में घायल हुए हैं।

ब्रेक फेल होने की आशंका, RTO करेगी जांच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण वह ढलान पर बेकाबू हुआ। प्रशासन ने ट्रक की मैकेनिकल जांच के लिए RTO की टीम भेजी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ट्रक में तकनीकी खराबी थी या नहीं और वह बाईं ओर कैसे मुड़ा।

बैरिकेड्स पार कर ट्रक मंदिर तक कैसे पहुंचा, जांच शुरू

नवरात्रि के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेड्स और पुलिस चेकपॉइंट लगाए गए थे। इसके बावजूद ट्रक वहां तक कैसे पहुंचा, प्रशासन इसकी भी जांच कर रहा है। घायलों के इलाज के दौरान लगातार CT स्कैन और एक्स-रे किए जा रहे हैं।

हादसे में 29 श्रद्धालु घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक अचानक तेज गति से आया और चालक का उस पर नियंत्रण नहीं रहा। ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदे होने की बात भी सामने आई है। ट्रक के नीचे दबने से कई श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा आंतरी थाना क्षेत्र में हुआ है। गंभीर रूप से घायल लोगों को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।


Related Articles