Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र में स्थित लौह खदान में तीन गाड़ियों को आग लगाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद मौके पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा मिलने से मामला चर्चा में आया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला लोहत्तर थाना क्षेत्र के चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक लौह खदान का है। यहां खदान में चल रही तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई थी। घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा भी छोड़ा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी के रूप में हुई है। इनमें सहदेव तुलावी को मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने गांव के आसपास लौह खदान नहीं चाहते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खदान के आसपास स्थित बोदेली और एडगुड गांव के निवासी हैं। मामले में आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने और जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पांचों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

