Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन तीनों को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दशरंगपुर के आवासपारा निवासी अधीन मोहले, बल्लू बघेल पिता तिजऊ राम और रेहुंटा निवासी गंगा राम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। भाई समेत तीन लोगों की मौत की खबर मिलने पर विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक के समर्थकों के साथ भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे।
विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
घटना के बाद पिकअप चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

