Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में किफायती और आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की अटल विहार योजना के तहत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग 51 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। दोनों परियोजनाओं में कुल 225 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री तथा जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। योजनाओं का उद्देश्य विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय वातावरण विकसित करना है।
कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग सात एकड़ भूमि पर 97 आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित आवासों में 91 मकान आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों के लिए निर्धारित हैं। योजना के तहत पात्र EWS हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और LIG हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिए जाने का प्रावधान है।
कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित इस कॉलोनी में आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र, जल निकासी और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे कुनकुरी क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग सात एकड़ भूमि पर 128 आवासों की दूसरी परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। योजना में उच्च आय वर्ग (HIG) के 11, मध्यम आय वर्ग (MIG) के 20, जूनियर MIG के चार, निम्न आय वर्ग (LIG) के 55 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 38 आवास शामिल हैं। यहां व्यावसायिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
बालाछापर में बनने वाली कॉलोनी को आधुनिक कवर्ड कैंपस के रूप में विकसित करने की योजना है। परिसर में बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया और व्यावसायिक दुकानों जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। रायगढ़ रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 से लगभग 200 मीटर की दूरी पर विकसित होने वाली इस कॉलोनी में विभिन्न आय वर्गों के परिवारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में व्यवस्थित सड़कें, स्वच्छ वातावरण, हरित क्षेत्र और आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जशपुर जिले में आवासीय योजनाओं के विस्तार की तैयारी महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर तक भी की जा रही है। मंडल के जशपुर स्थित कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे के अनुसार, ग्राम मदनपुर की आवासीय योजना में बुकिंग जारी है। संबंधित योजनाओं के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी और प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
कुनकुरी और जशपुर में प्रस्तावित दोनों आवासीय कॉलोनियों से जिले में किफायती घरों की उपलब्धता बढ़ाने और सुनियोजित नगरीय विकास को गति देने की उम्मीद है। इसके साथ ही निर्माण गतिविधियों, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

