CG Cabinet Decision: पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी, आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलेगा

CG Cabinet Decision: पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी, आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलेगा

CG Cabinet Decision: रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, सिविल लाइन में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में पूर्व अग्निवीरों के लिए गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई। इसके अलावा आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया।

कैबिनेट ने गृह विभाग में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। इन पदों पर रिक्तियों के अनुसार भर्ती की जाएगी। राज्य सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीरों को आरक्षक भर्ती में 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण देने का प्रावधान कर चुकी है।

आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर होगा जनजातीय कार्य विभाग

कैबिनेट बैठक में आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के कार्य आवंटन नियम में संशोधन किया जाएगा।

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव

कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों का उल्लेख किया।

नक्सलवाद के खात्मे को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद छत्तीसगढ़ को सबसे बड़ा फायदा नक्सलवाद के खात्मे के रूप में हुआ है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में बड़ी बाधा था। एक समय इसके अंत को लेकर आशंकाएं थीं और बस्तर के लोगों के लंबे समय तक विकास से दूर रहने की चिंता बनी रहती थी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, केंद्र सरकार के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई हुई है और प्रदेश अब इससे मुक्ति की ओर बढ़ रहा है।

गुजरात मॉडल और देश की अर्थव्यवस्था का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल तक काम कर चुके हैं। उनके कार्यकाल में गुजरात में विकास का मॉडल तैयार हुआ, जिसे गुजरात मॉडल के नाम से पहचान मिली। उन्होंने कच्छ में आए भूकंप के बाद पुनर्विकास और वाइब्रेंट गुजरात जैसे आयोजनों का भी उल्लेख किया।

साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में दसवें स्थान पर था, जबकि अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना और अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचाना है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों का उल्लेख किया। साय ने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई उसे छेड़ता है तो जवाब जरूर देता है।


Related Articles