Cartoon Festival in Raipur: रायपुर। देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ अपने प्रकाशन के 31वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस खास अवसर पर राजधानी रायपुर में हर साल की तरह इस वर्ष भी कार्टून फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन 13 अक्टूबर को रायपुर के एक निजी होटल में किया जाएगा।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री स्वयं सांकेतिक कार्टून बनाकर कार्टून फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। कार्टून फेस्टिवल में मुख्य अतिथि द्वारा कार्टून बनाकर उद्घाटन करने की परंपरा हर वर्ष निभाई जाती है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इसके अलावा फेस्टिवल में प्रदेश की कई राजनीतिक हस्तियां विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन में कार्टून कला और उसके सामाजिक एवं राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी चर्चा होगी।
डॉ. हिमांशु द्विवेदी होंगे अतिथि वक्ता
फेस्टिवल में हरिभूमि-आईएनएच न्यूज के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथि वक्ता के रूप में शामिल होंगे। उनके संबोधन में मीडिया, व्यंग्य और कार्टून कला से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे जाने की उम्मीद है।
वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि इस वर्ष जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को ‘कार्टून वॉच लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान कार्टून कला के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान और उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाएगा।
31वें वर्ष में प्रवेश कर रही कार्टून वॉच
देश की चर्चित कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ अपने 31वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। हर वर्ष आयोजित होने वाला कार्टून फेस्टिवल पत्रिका की इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन के जरिए कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ व्यंग्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी मंच प्रदान किया जाता है।

