Chhattisgarh GPM News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर आई लुक चश्मा दुकान के सामने तेज रफ्तार टाटा मैजिक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद टाटा मैजिक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गौरेला के ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है। वह रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पेंड्रा में काम पूरा करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष के सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस की टीम और पेंड्रारोड के एसडीएम मौके पर पहुंचे। घायल युवक को 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर CG28J5590 बताया गया है। फरार टाटा मैजिक चालक की पहचान करने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

