Mahatari Vandana Yojana: दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को दुर्ग जिले से महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि अंतरित की गई। नवरात्रि के पावन पर्व से पहले जारी इस किस्त से प्रदेश की लाखों महिला हितग्राहियों को आर्थिक सहायता मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तीकरण उनकी सरकार का संकल्प है। उन्होंने बताया कि योजना की 32वीं किस्त के रूप में 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में 632 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना शुरू होने से अब तक 20,708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है।
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 हितग्राहियों ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 9 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का अंतरण किया गया था।
योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। 32वीं किस्त के तहत जारी राशि भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से महिला हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई है।

