Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया गया। जिले को यह पुरस्कार प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के प्रयासों के लिए मिला है।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और ‘छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर जिले की महत्वपूर्ण पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। इसका विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने किया।
धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक में क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस पहल से धनपुर को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ ही जीपीएम जिले की अन्य पर्यटन एवं सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति पर्यटकों की रुचि बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी समृद्ध है। जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटन की संभावनाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ को जिले के इन्हीं प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान बताया गया है।

