Raipur News : जेल की दीवारों से बाहर काम करेंगी महिला बंदिनियां, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और बिक्री केंद्र में मिलेगा रोजगार

Raipur News : जेल की दीवारों से बाहर काम करेंगी महिला बंदिनियां, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और बिक्री केंद्र में मिलेगा रोजगार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर सेंट्रल जेल में महिला बंदिनियों के लिए प्रदेश की पहली महिला ओपन जेल शुरू की गई है। जेल प्रशासन की ओर से शनिवार को Women Open Correctional Institution (OCI) का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत महिला बंदिनियों को दिन के समय विभिन्न रोजगारमूलक कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जाने का अवसर मिलेगा और शाम को वे वापस लौटेंगी।

रायपुर सेंट्रल जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस ओपन जेल में 25 महिला बंदिनियों को रखा जाएगा। सुबह महिला बंदिनियां निर्धारित कार्यों के लिए जेल से बाहर निकलेंगी और शाम को वापस लॉकअप में लौटेंगी।

जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में महिला बंदिनियों के लिए सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र में रोजगार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रदेश की पहली महिला ओपन जेल के शुभारंभ के दौरान जेल डीजी हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस पहल का उद्देश्य महिला बंदिनियों को रोजगार से जोड़ने के साथ उनके पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में लौटने के अवसर उपलब्ध कराना है।


Related Articles