Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी को फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ के साथ देश का नाम भी रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता गर्व का विषय है। इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी टीम की सदस्य के रूप में शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

