Bastar News : डेरी गड़ाई रस्म में उमड़ी श्रद्धा, सांसद महेश कश्यप और कलेक्टर आकाश छिकारा समेत बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

Bastar News : डेरी गड़ाई रस्म में उमड़ी श्रद्धा, सांसद महेश कश्यप और कलेक्टर आकाश छिकारा समेत बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

Chhattisgarh Bastar News: जगदलपुर। ऐतिहासिक सीरासार भवन में बस्तर दशहरा की दूसरी महत्वपूर्ण रस्म ‘डेरी गड़ाई’ विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। सदियों पुरानी इस परंपरा के तहत बिरिंगपाल से लाई गई सरई की पवित्र टहनियों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उनकी स्थापना की गई।

मान्यता है कि ‘डेरी गड़ाई’ की रस्म के साथ ही बस्तर दशहरा के भव्य रथ निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति मिलती है। यह रस्म बस्तर की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण विधान मानी जाती है। आयोजन के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक प्रमुख, मांझी-चालकी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर दशहरा से जुड़े आने वाले सभी विधानों को भी इसी तरह पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बस्तर दशहरा को भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा। उनके अनुसार, बस्तर में बदले हालात के बीच देश-दुनिया से पर्यटकों के आने की उम्मीद है और इससे बस्तर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बस्तर दशहरा पूरे गरिमामय तरीके से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे होने वाली सभी रस्में भी निर्धारित परंपरा और विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।

डेरी गड़ाई के बाद अब बस्तर दशहरा से जुड़ी काछनगादी और जोगी बिठाई जैसी महत्वपूर्ण रस्में होंगी। इन पारंपरिक विधानों के साथ बस्तर दशहरा अपने अगले चरण में प्रवेश करेगा।


Related Articles