Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरमा स्थित उद्यान नर्सरी तक पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो बारिश के बाद पानी भरने से तालाबनुमा नजर आते हैं। इससे नर्सरी में आने-जाने वाले कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है। बड़े गड्ढों की वजह से कई बार लोग हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
खोरमा नर्सरी के अलावा इसी क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड के रिहायशी मकान और पत्रकार भवन भी स्थित हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों और कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन गड्ढों की मरम्मत को लेकर अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि फिलहाल सड़क का स्थायी निर्माण या मरम्मत संभव नहीं है तो कम से कम बड़े गड्ढों में मुरुम डालकर समतलीकरण कराया जाए। इससे बारिश के दौरान सड़क पर आवागमन को कुछ हद तक सुरक्षित बनाया जा सकेगा और हादसों की आशंका भी कम होगी।
ग्रामीणों और नर्सरी कर्मचारियों ने संबंधित पंचायत एवं विभागीय अधिकारियों से सड़क का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक सुधार कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच और शासन स्तर पर बदलाव होते रहे, लेकिन खोरमा नर्सरी तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली अब भी बनी हुई है।

