Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर: गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर बिलासपुर शहर में 24 और 25 सितंबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। विसर्जन जुलूस, झांकियों और वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोनों दिनों के लिए रूट प्लान जारी किया है। शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पचरी घाट और सरकंडा स्थित छठ घाट निर्धारित किए गए हैं। इन घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों और कनेक्टिंग रास्तों पर यातायात की स्थिति के अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा या प्रवेश प्रतिबंधित किया जा सकता है।
इन क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस पहुंचेंगे पचरी घाट
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के अनुसार कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा और तिफरा क्षेत्र से निकलने वाली गणेश प्रतिमाओं की झांकियां और जुलूस पचरी घाट की ओर जाएंगे। वहीं सरकंडा, मोपका और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सरकंडा स्थित छठ घाट का रूट निर्धारित किया गया है।
जुलूस के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने को कहा गया है। ये वालंटियर यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर जुलूस के दौरान व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे।
पचरी घाट जाने वाले इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा दबाव
विसर्जन जुलूस के दौरान देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक प्रमुख रूट रहेंगे। इन मार्गों से जुड़े कनेक्टिंग रास्तों पर भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन जुलूस के दौरान इन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
छठ घाट के लिए भी बदलेगा यातायात मार्ग
सरकंडा स्थित छठ घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान महमंद मोड़, पावर हाउस चौक, मोपका तिराहा, बसंत चौक, राजकिशोर नगर तिराहा, शनि मंदिर और छठ घाट तिराहा समेत कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
विसर्जन के दौरान भीड़ और वाहनों का दबाव अधिक होने पर कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित भी किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
सदर बाजार और गोल बाजार क्षेत्र में भी डायवर्जन
विसर्जन जुलूस को देखते हुए सदर बाजार, गोल बाजार और जूना बिलासपुर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पेट्रोल पंप, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री-वाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर अस्पताल मार्ग और गांधी चौक सहित आसपास के रास्तों पर यातायात की स्थिति के अनुसार डायवर्जन किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने लोगों से की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 24 और 25 सितंबर को गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें। जुलूस और झांकियों के समय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें तथा यातायात पुलिस और वालंटियरों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। इससे विसर्जन कार्यक्रम के दौरान भीड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

