Durg News: दुर्ग में ICMAI के 11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

Durg News: दुर्ग में ICMAI के 11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) द्वारा बीआईटी कॉलेज दुर्ग में आयोजित 11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुभव, सीख और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

युवाओं के कौशल विकास पर जोर

समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि युवाओं के कौशल, ज्ञान और व्यावसायिक क्षमता को निखारने की दिशा में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल है। वर्तमान समय में कार्यक्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई तकनीकों के साथ रोजगार एवं करियर की नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में युवाओं को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और प्रोफेशनल दक्षताओं को लगातार विकसित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम जैसे प्रशिक्षण युवाओं को अपने ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग करने, कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने और अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे करियर की नई संभावनाओं को लेकर अधिक सजग एवं सक्षम बनते हैं।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को साकार करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। युवाओं को अपने क्षेत्र में लगातार नई जानकारी हासिल करते हुए समय के साथ खुद को अपडेट रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए ज्ञान के साथ अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की इच्छाशक्ति जरूरी है। प्रशिक्षणार्थियों से उन्होंने आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने व्यावसायिक जीवन में करें और अपनी सफलता के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी योगदान दें।

शिक्षा और कौशल विकास के बेहतर समन्वय पर जोर

गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं के कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षा और कौशल विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बदलती तकनीक और कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप लगातार अपने कौशल को विकसित करना होगा। इससे वे रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।

प्रशिक्षणार्थियों को दिए प्रमाण-पत्र

समापन समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने 11 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने ICMAI और बीआईटी दुर्ग द्वारा युवाओं के कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने भविष्य में भी युवाओं को नई तकनीक और व्यावसायिक क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने वाले ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में ICMAI के चेयरमैन महेन्द्र भोसले, CMA मनीषा अग्रवाल, डॉ. दलजीत सिंह वाधवा, CMA हर्षद देशपांडेय, CMA अरिंदम गोस्वामी, बीआईटी कॉलेज के प्राचार्य अनूप मिश्रा, शिक्षाविद आशुतोष चावरे, दुर्ग जेडी केव्ही राव और जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Related Articles