Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। असम के नगांव में लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर कथित पथराव की घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। घटना में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा समेत अन्य नेता काफिले में शामिल थे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, घटना के दौरान वाहनों को नुकसान पहुंचा और मनोज चौहान को चोटें आईं।
इस घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले को निशाना बनाया गया और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि नगांव में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि यदि वाहनों के शीशे बंद नहीं होते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने घटना में एआईसीसी सचिव मनोज चौहान समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने असम की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन विफल रहा। हालांकि, घटना को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए मामले के लिए कांग्रेस के आंतरिक मतभेदों को जिम्मेदार बताया है।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
राकेश ठाकुर ने भारत निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी नेताओं को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी थी। पुलिस और सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई है और मामले की जांच जारी है।

