Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला चांदमारी रायगढ़ में विभागीय निर्देशानुसार सेवा संकल्प दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। आयोजन 17 से 19 सितंबर तक तीन दिनों तक चला। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना, विचारों और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को रंगों और शब्दों में अभिव्यक्त किया।
17 सितंबर को कार्यक्रम की शुरुआत आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। दूसरे दिन विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अपनी कल्पना को चित्रों और शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। तीसरे दिन बच्चों ने शिक्षित, आत्मनिर्भर, हरित और तकनीकी रूप से सक्षम भारत की परिकल्पना विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और शालेय परिवार के समक्ष रखी।
इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामभांठा रायगढ़ की सेवानिवृत्त व्याख्याता श्रीमती नीलिमा राजपूत का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। प्राचार्य भरत लाल नामदेव और प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में श्रीमती पंकजलता यादव, इतवार सिंह, श्रीमती राजकुमारी नाग, सरिता गौतम, वरिष्ठ व्याख्याता निराकार पटेल, प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमलता चंदेल और संकुल शैक्षिक समन्वयक सन्नी खाण्डे सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
एसएमसी सदस्य इतवार सिंह ने बच्चों को नगद राशि देकर प्रोत्साहित किया और उनकी ओर से विद्यार्थियों को चॉकलेट भी वितरित की गई। प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी की ओर से सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के लिए न्यौता भोज का आयोजन किया गया। इससे विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने किया, जबकि छायांकन सहायक शिक्षक श्रीमती अंजलिका लाल और राकेश कुमार यादव ने किया।

