Balrampur News: बलरामपुर के सभी थानों-चौकियों में अब ई-चालान से होगी कार्रवाई, मौके पर ही बनेगा ऑनलाइन चालान

Balrampur News: बलरामपुर के सभी थानों-चौकियों में अब ई-चालान से होगी कार्रवाई, मौके पर ही बनेगा ऑनलाइन चालान

Balrampur News: बलरामपुर। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब मौके पर ही ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर डिजिटल चालान और कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में ई-चालान व्यवस्था लागू कर दी गई है।

सभी थाना-चौकी प्रभारियों को दी गई ई-चालान की सुविधा

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार की गई है। अधिकृत डिवाइस के माध्यम से पुलिस अधिकारी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही ऑनलाइन चालान जारी कर सकेंगे।

बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर होगी चालानी कार्रवाई

नई व्यवस्था के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। ई-चालान जारी होने के बाद वाहन चालक या वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन चालान की राशि जमा कर सकेंगे।

त्वरित और पारदर्शी होगी चालानी कार्रवाई

यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ई-चालान व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य चालानी कार्रवाई को त्वरित, पारदर्शी और कैशलेस बनाना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है।

सड़क सुरक्षा मजबूत करने में मिलेगी मदद

पुलिस के अनुसार ई-चालान व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी। इसके साथ ही डिजिटल व्यवस्था से चालानी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों के प्रभावी पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी सहायता मिलेगी।


Related Articles