Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन द्वारा विमतारा सभागार में युवा अभिव्यक्ति समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे 50 युवाओं को युवा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपसंचालक (वित्त) श्रद्धा सुमन एक्का थीं, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र शर्मा ने अध्यक्षता की। मेकाहारा के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. अंशुली कलश और डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि इस वर्ष युवा गौरव सम्मान के लिए जल संरक्षण, लोक कला, जैव विविधता संरक्षण, रक्तदान, छत्तीसगढ़ी भाषा के विकास, खेल, लेखन, पत्रकारिता, शिक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचारी कार्य करने वाले युवाओं का चयन किया गया था। समारोह की शुरुआत प्रांजल सिंह राजपूत के भरथरी गायन और खेम यादव के छत्तीसगढ़ी लोकगीतों से हुई। इसके बाद प्रणम तिवारी ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग सिंह विश्वकर्मा ने जैव एवं वन संरक्षण, ऐश्वर्या पाठक ने खेल, डॉ. वैभव बेमेतरिहा ने जल संरक्षण, डॉ. अर्चना तुपट ने साहित्य और अमित कुमार चौहान ने मीडिया अध्ययन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सारंगढ़ के युवा कवि विजय कोसले के काव्य संग्रह ‘आईना’ का विमोचन भी किया गया। विजय कोसले ने अपने संग्रह की कुछ कविताओं का पाठ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि युवा देश की ताकत होते हैं और युवाओं का सम्मान देश की ताकत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान धान के भंडार के साथ-साथ युवाओं के उत्साह और प्रतिभा से भी है। प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं ने अपने कार्यों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता की मिसाल कायम की है। ऐसे युवाओं के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
सम्मानित होने वाले युवाओं में कथक कलाकार प्रणम तिवारी, दंत चिकित्सक डॉ. दीप श्री अग्रवाल, व्यवसाय क्षेत्र से योगेश मेघानी, नवाचार के लिए अखिल कलश, कुश्ती खिलाड़ी राधिका पटेल, जैव विविधता संरक्षण के लिए डॉ. अनुराग विश्वकर्मा, फोटो जर्नलिज्म के लिए मनोज देवांगन, पत्रकारिता के क्षेत्र में जाकिर हुसैन, मोहित सिंह सेंगर, रमन हलवाई और प्रवीण पाठक सहित विभिन्न क्षेत्रों के 50 युवा शामिल रहे। इसके अलावा जल संरक्षण, रक्तदान, लोक कला, छत्तीसगढ़ी साहित्य, खेल, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया, जबकि संयोजन वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने किया। इस अवसर पर वक्ता मंच के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रदेशभर में नशे की रोकथाम के लिए स्वैच्छिक प्रयासों को तेज करने के संकल्प के साथ हुआ।

