Bilaspur News: लापता पति की तलाश को लेकर हाईकोर्ट नाराज, आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालने के निर्देश

Bilaspur News: लापता पति की तलाश को लेकर हाईकोर्ट नाराज, आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालने के निर्देश

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। पति के लापता होने और अपहरण की आशंका जताते हुए जांजगीर निवासी महिला की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को लापता रामप्रसाद का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन ट्रेस करने और कॉल डिटेल रिकॉर्ड जुटाने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आम आदमी की सुरक्षा को लेकर भी नाराजगी जताई।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव दुबे ने कोर्ट को बताया कि जेल में बंद रामप्रसाद के भाई रामनारायण के ससुराल पक्ष के लोग उसके पति के अपहरण में शामिल हो सकते हैं। आरोप है कि रामप्रसाद को लगातार धमकियां दी जा रही थीं और उसे अपने भाई के मामले से अलग रहने तथा जेल में बंद आरोपी की मदद नहीं करने के लिए कहा जा रहा था। याचिकाकर्ता ने पति के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है।

कोर्ट ने याचिकाकर्ता की आशंका और लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को रामप्रसाद की आखिरी लोकेशन का पता लगाने के साथ उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल हासिल कर जांच आगे बढ़ाने को कहा गया है।

मामले के अनुसार जांजगीर निवासी महिला के पति रामप्रसाद का भाई रामनारायण अपनी सास की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। बताया गया है कि रामप्रसाद अपने भाई के मामले में उसकी मदद करने के लिए लगातार कोर्ट जा रहा था और जेल में बंद भाई से मुलाकात भी कर रहा था। यह बात कथित तौर पर रामनारायण के ससुराल पक्ष के लोगों को पसंद नहीं थी।


Related Articles