Rajnandgaon News: अंडरब्रिज निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी, रेलवे की कार्यप्रणाली पर लोगों में नाराजगी

Rajnandgaon News: अंडरब्रिज निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी, रेलवे की कार्यप्रणाली पर लोगों में नाराजगी

Rajnandgaon News: राजनांदगांव। शहर के गौरीनगर और रेलवे स्टेशनपारा अंडरब्रिज का निर्माण करीब तीन साल से अधूरा पड़ा है। सालभर के भीतर पूरा होने वाले इन दोनों अंडरब्रिज की डेडलाइन वर्ष 2024 तय की गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका है। निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण पटरीपार क्षेत्र के करीब 50 हजार से अधिक लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अंडरब्रिज निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण वाहन चालकों के पास ओवरब्रिज से आवागमन का विकल्प बचा है। इसके चलते ओवरब्रिज पर रोजाना वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और जाम की स्थिति बन रही है। रेलवे स्टेशन अंडरब्रिज का काम पूरा नहीं होने के कारण ओवरब्रिज से क्षमता से अधिक वाहन गुजर रहे हैं। दुर्घटनाओं और लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए यहां डिवाइडर भी बनाया गया है, लेकिन दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों के कारण परेशानी बनी हुई है।

भारी वाहनों के बीच दुपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम के बीच सफर करना पड़ रहा है। अंडरब्रिज का निर्माण पूरा होने से ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने और समय की बचत होने की उम्मीद है। ट्रेनों की आवाजाही के दौरान वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग पर रुकने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

अंडरब्रिज निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार आंदोलन भी किए जा चुके हैं। लोगों का कहना है कि काम बार-बार बंद होने और निर्माण की धीमी गति के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। निर्माण में सालभर से अधिक की देरी के बावजूद ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

नागपुर रेलवे जोन के कंस्ट्रक्शन विभाग के अनुसार, पटरी के बीच मौजूद पाइपलाइन के साथ बिजली, इंटरनेट और सिग्नल पाइप की शिफ्टिंग तथा सुरंग पुशिंग जैसे तकनीकी कार्य अभी बाकी हैं। रेलवे अब दोनों अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का दावा कर रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के आए दिन बंद रहने के कारण तय समय सीमा में काम पूरा होने को लेकर भी संशय बना हुआ है।


Related Articles