Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोक शिक्षण संचालनालय ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। भर्ती संविदा आधार पर होगी और चयन प्रक्रिया संबंधित जिले में गठित प्रबंधन एवं संचालन समिति, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के माध्यम से पूरी की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक सहित विभिन्न पद शामिल हैं। विभाग के अनुसार इन पदों पर भर्ती कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से की जाएगी और परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी होगा। शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा, आवश्यक निर्देश, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम और पदों के आरक्षण सहित विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग के अनुसार सितंबर 2026 में स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन का लिंक जारी किया जाएगा। लिखित भर्ती परीक्षा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in का नियमित रूप से अवलोकन करने की सलाह दी गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिक्त पदों की संख्या परिवर्तनशील हो सकती है।
जारी विज्ञापन के अनुसार व्याख्याता हिंदी के 51, अंग्रेजी के 65, संस्कृत के 47, भूगोल/अर्थशास्त्र के 5, इतिहास/राजनीति के 6, सामाजिक विज्ञान के 52, गणित के 49, जीव विज्ञान के 39, वाणिज्य के 104, रसायन के 44 और भौतिक के 53 पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के 27 और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के 24 पदों पर भर्ती होगी।
सहायक शिक्षक के 590 पद, शिक्षक हिंदी/संस्कृत के 34, शिक्षक अंग्रेजी के 106, शिक्षक कला के 72, शिक्षक विज्ञान के 56, शिक्षक गणित के 68 और व्यायाम शिक्षक के 50 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं ग्रंथपाल के 60, शिक्षक कंप्यूटर के 40 और प्रयोगशाला सहायक के 170 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1812 रिक्त पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

