Sagar News: सागर जहरीली शराब कांड: दिग्विजय सिंह के दावों पर अरुणोदय चौबे का पलटवार, बोले- जनता को भ्रमित न करें

Sagar News: सागर जहरीली शराब कांड: दिग्विजय सिंह के दावों पर अरुणोदय चौबे का पलटवार, बोले- जनता को भ्रमित न करें

Madhya Pradesh Sagar News: सागर। सागर के जहरीली शराब कांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के दावों पर पूर्व मंत्री अरुणोदय चौबे ने सोशल मीडिया के जरिए तीखा पलटवार किया है। चौबे ने दिग्विजय सिंह पर भ्रामक जानकारी के जरिए मामले को लेकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है और कहा है कि किसी आरोपी को राजनीतिक संबंधों से जोड़कर बचाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

अरुणोदय चौबे ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता को शराब कांड के आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से जोड़कर जनता को भ्रमित नहीं करना चाहिए। चौबे ने अपनी पोस्ट में पूर्व की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए दिग्विजय सिंह को भी नसीहत दी है।

चौबे ने आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा, निवासी ग्राम रूसल्ला बहेरिया, की पारिवारिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर भी कई दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि सविता सिंह वर्तमान में सागर जनपद की अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी बहन अनीता सिंह कुशवाहा सागर जनपद की उपाध्यक्ष हैं। चौबे के मुताबिक, मुख्य आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा अनीता सिंह कुशवाहा का बेटा है। उन्होंने पृथ्वी सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं और कहा कि इस संबंध में क्षेत्र के लोग सब जानते हैं।

पूर्व मंत्री ने बहेरिया में आरोपी से जुड़े बताए जा रहे कारोबार का भी उल्लेख किया है। चौबे के अनुसार, बहेरिया में सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम से ‘स्वरुचि’ होटल और ‘दीवान विक्रम सिंह’ के नाम से पेट्रोल पंप संचालित होता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इन स्थानों पर कथित तौर पर होने वाली गतिविधियों के बारे में भी लोग जानते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले में विनायका थाने में लाइसेंसी ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब पुलिस कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है। चौबे की पोस्ट के बाद मामले में आरोपी के राजनीतिक और पारिवारिक संबंधों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।


Related Articles